T20 World Cup: भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रविवार को इतिहास रच दिया। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'ग्रुप-ए' मैच के दौरान दीप्ति महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं।
इस मैच से पहले, दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 इंटरनेशनल विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए दीप्ति को सिर्फ एक विकेट की दरकार थी। दीप्ति ने ऑस्ट्रेलियाई स्टार बेथ मूनी को आउट करके इतिहास रच दिया। मूनी ने ऑफ-स्पिनर की गेंद पर स्लॉग-स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन शॉट सही से नहीं लगा और राधा यादव ने लॉन्ग-ऑन पर आसानी से कैच पकड़ लिया। मूनी 20 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुईं और दीप्ति ने अपने इंटरनेशनल करियर का 356वां विकेट हासिल किया।
यह दीप्ति का 278वां इंटरनेशनल मैच भी था। आगरा में जन्मीं इस ऑलराउंडर के नाम अब तीनों फॉर्मेट में कुल 356 विकेट हो गए हैं। दीप्ति ने छह टेस्ट मैचों में 22 विकेट, 124 वनडे मैचों में 166 विकेट और 148 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 168 विकेट अपने नाम किए हैं। टूर्नामेंट में इससे पहले, 14 जून को बर्मिंघम में खेले गए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेकर दीप्ति अपनी शानदार फॉर्म दिखा चुकी थीं।