एकता बिष्ट: अंतरराष्ट्रीय टी20 में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर (Image Source: IANS)
टी20 को अक्सर बल्लेबाजों का खेल माना जाता है, लेकिन कई गेंदबाजों ने अपनी काबिलीयत के दम पर न सिर्फ अपनी दमदार पहचान बनाई है, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य रहीं एकता बिष्ट के नाम भी एक ऐसा ही रिकॉर्ड है।
8 फरवरी 1986 को अलमोड़ा, उत्तराखंड में जन्म लेने वाली एकता बिष्ट ने 6 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उस समय उत्तराखंड में महिलाओं के लिए क्रिकेट खेलना असामान्य था। इसलिए एकता लड़कों के साथ खेला करती थीं।
घरेलू क्रिकेट में उत्तरप्रदेश महिला क्रिकेट टीम की तरफ से खेलने वाली एकता ने 23 जून 2011 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। 23 जुलाई 2011 को ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और अगस्त 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने टेस्ट में डेब्यू किया था।