T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 राउंड के मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से मिले 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लिश टीम ने 6 विकेट खोकर 19.3 ओवर में चेज कर लिया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने इस मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और जीत का श्रेय उन्हें मिलना चाहिए।
न्यूजीलैंड की टीम एक समय पर मैच में काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी। हालांकि, पारी के 18वें ओवर में विल जैक्स ने ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन बनाते हुए बाजी को पूरी तरह से पलट दिया। हार के बाद मिचेल सैंटनर ने कहा, "यह एक अच्छा और कड़ा मुकाबला था। हां, मुझे लगता है कि जिस तरह से इंग्लैंड ने रनों का पीछा किया और अंत में विल जैक्स और रेहान अहमद ने बल्लेबाजी की, वो शानदार था।"
अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को इस मुकाबले में हराने में सफल रहती, तो टीम को सीधा सेमीफाइनल का टिकट मिल जाता। कप्तान सैंटनर ने भी माना कि इस मैच को जीतने के बाद न्यूजीलैंड के लिए चीजें आसान हो जातीं। सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने जिस तरह का खेल दिखाया, उसके लिए उन्हें जीत का श्रेय मिलना चाहिए।