Lucknow Super Giants: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य की जमकर तारीफ की है। उन्होंने प्रियांश को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) टीम के सेटअप का एक अहम हिस्सा बताया है।
पंजाब किंग्स लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 रनों की शानदार जीत के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। एलएसजी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में प्रियांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की दमदार पारी खेली। प्रियांश ने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए।
उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कूपर कोनोली के साथ मिलकर 80 गेंदों में 182 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके दम पर पंजाब किंग्स ने इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 254 रन बनाए। 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी।