भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा। इसको लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है और उन्होंने भारतीय टीम पर भरोसा जताया है।
कर्नाटक के बीदर में गजानंद क्रिकेट एकेडमी के कोच विकेट वाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला है। अगर भारत जीतता है तो बहुत खुशी होगी। 2024 में जब भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ट्रॉफी जीती थी। उम्मीद है कि सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जिस तरह जीत हासिल की, उसे फाइनल मुकाबले में भी बरकरार रखेगी।"
उन्होंने कहा कि जिस तरह संजू सैमसन ने सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार पारी खेली थी और बुमराह ने भी 18वें ओवर में सिर्फ 6 रन दिए, उम्मीद है कि वे इस फॉर्म को बनाए रखेंगे। अर्शदीप, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का भी बड़ा रोल रहेगा। अभिषेक शर्मा कई मैचों में अच्छा नहीं खेल पाए हैं, लेकिन उम्मीद रहेगी कि वे फाइनल मुकाबले में अच्छा खेलते हुए टीम इंडिया को बेहतर शुरुआत दें और संजू सैमसन अपनी फॉर्म को बरकरार रखते हुए पारी खेलें।