भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता, खान चंद सिंह, का शुक्रवार की सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे। रिंकू सिंह के पिता के निधन पर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों युवराज सिंह और हरभजन सिंह ने शोक व्यक्त किया है।
युवराज सिंह ने एक्स पर लिखा, "रिंकू के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे पलों में, कोई भी शब्द काफी नहीं लगता। इस मुश्किल समय में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार में ताकत और हिम्मत मिलेगी।"
हरभजन सिंह ने एक्स पर लिखा, "रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। रिंकू और उनके परिवार के लिए यह बहुत मुश्किल समय होगा, भले ही वह टी20 विश्व कप के दौरान अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रतिबद्ध रहें। मेरी दिल से दुआएं उनके और उनके प्रियजनों के साथ हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति दें और दुखी परिवार को मजबूती और साहस दें।"