T20 World Cup: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने न्यूजीलैंड के आगामी व्हाइट-बॉल दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस दौरे पर बांग्लादेश में तीन वनडे और उसके बाद इतने ही टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी।
मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली टीम के 13 अप्रैल को ढाका पहुंचने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच 17 और 20 अप्रैल को वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैच खेले जाएंगे। ये दोनों ही मुकाबले मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे, जबकि सीरीज का आखिरी मैच चट्टोग्राम के बीर श्रेष्ठ फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान स्टेडियम में 23 अप्रैल को खेला जाएगा। तीनों ही मैच डे-नाइट होंगे।
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगी। शुरुआती दो मैच 27 अप्रैल और 29 अप्रैल को चट्टोग्राम में होंगे, जबकि अंतिम मैच 2 मई को मीरपुर में खेला जाएगा।