भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के सबसे यादगार पलों को याद करते हुए 2001 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के कोलकाता टेस्ट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए उस ऐतिहासिक मैच में जीत दिलाने वाले रन बनाना उनके करियर का बेहद खास अनुभव था।
हरभजन ने याद किया कि जब भारत जीत के करीब था, तब उन्होंने जरूरी रन बनाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार मुकाबलों में से एक माना जाता है। पूर्व स्पिनर ने बताया कि गेंदबाजी से पहले मैक्ग्रा की फील्ड सेटिंग ने उनकी सोच को कैसे प्रभावित किया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने फील्ड में बदलाव करके भ्रम पैदा करने की कोशिश की थी। हरभजन को लगा कि शायद शॉर्ट-पिच गेंद आएगी, लेकिन मैक्ग्रा ने यॉर्कर फेंक दी। हालांकि, हरभजन ने समय रहते अपना बल्ला नीचे किया और गेंद को खाली जगह की तरफ मोड़ दिया।
हरभजन ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "आखिर में जब मेरी बारी आई, तो जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी और ग्लेन मैक्ग्रा गेंदबाजी कर रहे थे। मुझे याद है कि उन्होंने फील्ड बदल दी थी। उन्होंने पॉइंट से फील्डर को हटाकर एक अतिरिक्त फील्डर गली में लगा दिया था, ताकि मुझे लगे कि वह शायद शॉर्ट बॉल फेंकेंगे। फील्ड जिस तरह से सेट की गई थी, उसे देखकर मैं बाउंसर के लिए तैयार था।"