Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला मंगलवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला गया। बारिश की वजह से 11-11 ओवर के इस मैच में एमआई को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। आरआर की जीत के हीरो उनके सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने रहे। मैच के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने दोनों बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की।
रियान पराग ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बारे में कुछ बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह इस आईपीएल में बतौर ओपनर पहले स्थान पर मौजूद हैं। उनके पास उम्र है, प्रतिभा है। वैभव बस कमाल का है। अगर आपने उसे अहमदाबाद में देखा होता, तो उसने हालात को समझा और आगे बढ़ गया। जायसवाल ऐसा 3-4 साल से कर रहा है। मुझे लगता है कि दोनों अपनी स्किल्स और इतनी कम उम्र के बावजूद परिपक्वता की वजह से सबसे अच्छा कर रहे हैं।"
पराग ने आगे कहा कि तीन मैचों में तीन जीत हासिल कर बहुत अच्छा लग रहा है। जिस तरह से लड़कों ने खेला, मैं उनसे और कुछ नहीं मांग सकता, बस शाबाशी दे सकता हूं। मुझे हमेशा से पता था कि यह टीम बहुत मजबूत है। नीलामी के समय भी पता था कि हम बहुत मजबूत टीम हैं क्योंकि हमारे पास एक मजबूत कोर ग्रुप है और वे बहुत युवा भी हैं। बाहर हर किसी को हम पर भरोसा नहीं था। उम्मीद है इसी तरह से प्रदर्शन करते हुए हम चीजों को बदल सकते हैं।