South Africa A: बिहार के 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ अपने नए सीजन के लिए कमर कस ली है। सूर्यवंशी और उनके बचपन के कोच, मनीष ओझा ने एकेडमी में बिताए वैभव के शुरुआती दिनों, आईपीएल ट्रायल्स और आईसीसी मेंस अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सफर पर बात की। इस दौरान कोच ने बताया कि महज 11 साल की उम्र में भी वैभव का अंदाज काफी आक्रामक था।
'जियोस्टार' के 'टाटा आईपीएल ड्रीम ऑन' पर बचपन के कोच मनीष ओझा ने वैभव सूर्यवंशी के एकेडमी में शुरुआती दिनों के बारे में बताया, "साल 2018 में वैभव पहली बार अपने पिता के साथ एकेडमी आए थे। शुरू से ही यह साफ था कि उनमें काबिलियत है और क्रिकेट के लिए सच्चा जुनून है। उन्हें बैटिंग करते समय हमेशा आक्रामक खेलना पसंद था और उनकी टाइमिंग बहुत अच्छी थी। हर सेशन में, वह 400-500 गेंदें खेलते थे और जब तक मैं उन्हें ब्रेक नहीं देता, तब तक रुकते नहीं थे।"
कोच ने बताया, "साल 2022 में, ओपन नेट सेशन के दौरान, उन्हें बैटिंग के लिए 40 ओवर का स्लॉट दिया गया था। 20 ओवर नई गेंद के गेंदबाजों के खिलाफ और फिर स्पिनर्स के खिलाफ। मैंने देखा कि उन्हें सिर्फ बड़े, ऊंचे शॉट खेलना पसंद था। मैंने उनसे कहा कि जैसे-जैसे वह अपने राज्य के लिए अंडर-16 और अंडर-19 क्रिकेट में आगे बढ़ेंगे, उन्हें सैकड़ों गेंदों का सामना करना होगा और लंबी पारी खेलनी होगी, क्योंकि वहां चार-दिवसीय क्रिकेट से शुरुआत होती है। अगर आप हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करोगे और सिंगल्स या डबल्स को नजरअंदाज करोगे, तो आउट होने की आशंका बढ़ जाएगी। लेकिन वह कहते थे- सर, अगर मैं उस गेंद पर छक्का मार सकता हूं, तो सिंगल क्यों लूं?"