Lucknow Super Giants: पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 68वें मैच को अपने नाम किया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पीबीकेएस ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 7 विकेट से मात देकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। पंजाब किंग्स की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर का अहम योगदान रहा, जिन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल चौथे स्थान (15 अंक) पर पहुंच गई है। इस टीम ने 14 में से 7 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि 1 मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। अब पीबीकेएस का प्लेऑफ में पहुंचना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) पर निर्भर करेगा, जिसने रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में उतरना है। आरआर इस मैच को अगर अपने नाम करती हैं, तो प्लेऑफ का अंतिम टिकट उसी के नाम होगा।
लखनऊ में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए। इस टीम ने महज 20 के स्कोर तक अर्शिन कुलकर्णी (0) और निकोलस पूरण (2) का विकेट गंवा दिया था। यहां से जोश इंगलिस ने आयुष बडोनी के साथ 23 गेंदों में 49 रन की साझेदारी की।