Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद खेल, राजनीति और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों ने आरसीबी को बधाई देते हुए टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने पर आरसीबी को बधाई। उन्होंने कहा कि खेल में सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक यह होती है कि सफलता के बाद खुद को लगातार साबित करना पड़ता है। सचिन ने कहा कि पहली बार जीतने के बाद सवाल यह नहीं रहता कि आप जीत सकते हैं या नहीं, बल्कि यह साबित करना होता है कि आप उस सफलता को कायम रख सकते हैं। उनके अनुसार आरसीबी ने इस चुनौती का शानदार तरीके से सामना किया और पूरी तरह इस उपलब्धि की हकदार है।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि बेंगलुरु एक बार फिर चैंपियन बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतकर आरसीबी ने इतिहास रच दिया है। टीम ने जुझारूपन, संयम और चैंपियनों जैसी मानसिकता का परिचय देते हुए पूरे बेंगलुरु को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और करोड़ों प्रशंसकों को भी बधाई दी।