टी20 विश्व कप 2026 के बीच आईपीएल की दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) फ्रेंचाइजी ने अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है। डीसी ने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज इयान बेल को सहायक कोच के रूप में नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेल को सहायक कोच बनाए जाने की जानकारी दी।
डीसी ने अपने एक्स अकाउंट पर बेल की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "इंग्लैंड के महान बल्लेबाज अब दिल्ली वाले बन चुके हैं। आपका घर में स्वागत है, इयान बेल।"
इंग्लैंड के बेहतरीन बल्लेबाज रहे इयान बेल के पास कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है। उन्होंने इंग्लैंड की लायंस और अंडर-19 टीमों के साथ मिलकर काम किया है और नेशनल लेवल पर खिलाड़ियों के विकास में योगदान दिया है। हाल ही में, उन्होंने 2024 के इंग्लैंड दौरे पर श्रीलंका की टेस्ट टीम के बैटिंग कोच के तौर पर काम किया, जिससे उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर और ज्यादा अनुभव मिला।