Lucknow Super Giants: साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के गेंदबाजी अटैक की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के पास हर तरह के गेंदबाज मौजूद हैं और वे मैच के अलग-अलग समय पर सही खिलाड़ी का इस्तेमाल करके खेल को अपने पक्ष में कर लेते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पंजाब किंग्स को मिली 54 रनों की शानदार जीत के बाद फाफ डू प्लेसिस ने कहा कि पंजाब की टीम सिर्फ एक या दो गेंदबाजों पर निर्भर नहीं है। उनके पास कई विकल्प हैं, जिन्हें कप्तान जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। यही वजह है कि टीम हमेशा विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखती है।
उन्होंने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से बात करते हुए बताया कि पंजाब की गेंदबाजी में तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का अच्छा संतुलन है। टीम में अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज हैं, जो नई गेंद से विकेट लेने में माहिर हैं और अच्छे यॉर्कर डालते हैं। वहीं, मार्को जानसेन और जेवियर बार्टलेट जैसे गेंदबाज गेंद को स्विंग और बाउंस दोनों करा सकते हैं, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना मुश्किल हो जाता है।