Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 का 20वां मुकाबला रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच वानखेड़े के मैदान पर खेला जाना है। इस मुकाबले में एमआई के खिलाड़ी महान भारतीय गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे।
आशा भोसले का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। आशा भोसले भारत के संगीत जगत की एक कद्दावर हस्ती थीं और उन्होंने आठ दशक लंबे करियर में अनगिनत यादगार हिंदी गाने दिए। इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को बताया, "मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने आईपीएल मैच में महान गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक जताने के लिए काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।"
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री और बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेलार ने अस्पताल के बाहर आशा भोसले के निधन की जानकारी देते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा। आशा भोसले महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। अपने शानदार करियर के दौरान उन्हें दो ग्रैमी पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया था। इसके अलावा, उन्हें भारत का सर्वोच्च कला पुरस्कार- दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान- पद्म विभूषण भी प्रदान किया गया था।