Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 में गुरुवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर सांसें रोक देने वाले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 3 विकेट से हराया। एलएसजी की तरफ से युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए हारी हुई बाजी को पलट दिया।
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.1 ओवर में 41 रन जोड़े। मार्श 11 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मार्करम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 15 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद वैभव अरोड़ा का शिकार बने। वैभव ने तीन गेंदों के अंदर ही एलएसजी के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
कप्तान ऋषभ पंत बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। निकोलस पूरन का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह 15 गेंदों का सामना करने के बावजूद सिर्फ 13 रन ही बना सके। अब्दुल समद को अनुकूल रॉय ने सिर्फ 2 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, आयुष बदोनी एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। बदोनी ने 34 गेंदों में 54 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए।