Rajasthan Royals: मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बताया है कि इंजरी की वजह से रोहित शर्मा आईपीएल 2026 के अगले कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोहित हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझते नजर आए थे और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा था।
हार्दिक पांड्या ने गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में टॉस के वक्त रोहित शर्मा की इंजरी पर अपडेट दिया। उन्होंने बताया, "रोहित नहीं खेल रहे हैं, वह कुछ मुकाबलों में आराम करेंगे ताकि हम देख सकें कि उनकी हालत कैसी है।" कप्तान हार्दिक के बयान से संकेत मिल रहे हैं कि रोहित शायद चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और एमआई उन्हें मैदान पर उतराने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहती है।
रोहित को 12 अप्रैल को वानखेड़े के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और 19 रन बनाने के बाद वह चोट के कारण रिटायर हर्ट हो गए थे। खबरों के मुताबिक, उनका स्कैन हुआ और पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच से एक दिन पहले उन्होंने हल्की ट्रेनिंग और बैटिंग प्रैक्टिस की।