New Chandigarh: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 43वां मैच सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाना है। डीसी की निगाहें इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को बेहतर करने पर होंगी।
डीसी के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। अगर जयपुर में हार मिली तो प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगेगा, यानी उनके लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा है। दिल्ली कैपिटल्स इस समय दबाव में है। यह टीम 8 में से 5 मुकाबले गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल 7वें पायदान पर है। इस टीम ने शुरुआती 2 मुकाबले जीतने के बाद अगले 6 में से 5 मैच गंवा दिए हैं। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली इस टीम का सबसे हालिया मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा था।
डीसी को अरुण जेटली स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा। यह टीम महज 8 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद 75 रन पर सिमट गई थी। आसान लक्ष्य को विपक्षी टीम ने 6.3 ओवरों में हासिल कर लिया। इस मैच ने दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों ही विभागों की कमजोरियों को उजागर कर दिया था।