Sunrisers Hyderabad: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 49वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध जीत के लिए 236 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। एसआरएच इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी।
बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 54 रन की साझेदारी की। अभिषेक 13 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 30 रन की साझेदारी की। ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन जोड़ते हुए एसआरएच को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।