Kolkata Knight Riders: ईडन गार्डन्स के मैदान पर आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 181 रन बनाए। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी और अजिंक्य रहाणे ने शानदार पारी खेली।
मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले केकेआर को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को पहला झटका सिर्फ 15 रनों के स्कोर पर लगा। फिन एलन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंदों का सामना करने के बाद 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 84 रनों की अहम साझेदारी निभाई।
रहाणे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 24 गेंदों में 170 के स्ट्राइक रेट से 41 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में रहाणे ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, 136 के स्ट्राइक रेट से 33 गेंदों में 45 रन बनाने के बाद अंगकृष मणिमरण सिद्धार्थ की गेंद पर एडेन मार्करम को कैच देकर पवेलियन लौटे। नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह बल्ले से छाप छोड़ने में नाकाम रहे और वह 4 रन बनाकर आवेश खान की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।