Gujarat Titans: आईपीएल 2026 में शनिवार को शाम का मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला गया। आरआर ने जीटी पर 6 रन से जीत दर्ज की। जीत के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल की जमकर तारीफ की।
रियान पराग ने मैच के बाद जुरैल की बल्लेबाजी पर कहा, "मुझे लगता है कि हमने उसकी प्रतिभा के साथ अब तक न्याय नहीं किया है। उसने मुश्किल काम किया है। उसने छह और सात नंबर बैटिंग की है। अब जब हमारे पास मौका है तो मैं सबसे पहले कहने वाला था कि उसे नंबर तीन पर बैटिंग करनी चाहिए और उसने हमें दिखा दिया कि वह क्या कर सकता है। यह उसके लिए शुरुआत है। उम्मीद है वह आगे चलकर 700, 800 रन बनाएगा और हमें चैंपियनशिप जिताएगा।"
पिछले सीजन तक निचले क्रम में बल्लेबाजी करने वाली ध्रुव जुरैल को आईपीएल 2026 में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा रहा है। सीएसके के खिलाफ सीजन के पहले मैच में 9 गेंदों पर 18 रन बनाने वाले जुरैल ने जीटी के खिलाफ अपने आईपीएल करियर की श्रेष्ठ पारी खेली। जुरैल ने 42 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए।