T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 की सह-मेजबान श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रीलंका सुपर-8 में इंग्लैंड के खिलाफ हारने के बाद बुधवार को हुए दूसरे मैच में न्यूजीलैंड से भी हार गई। इस मैच में हार के साथ ही श्रीलंका की टूर्नामेंट से निराशाजनक विदाई हो गई।
सुपर-8 में निराशाजनक प्रदर्शन और सेमीफाइनल में श्रीलंका के जगह नहीं बना पाने से पूर्व खिलाड़ी बेहद निराश हैं।
पूर्व ऑलराउंडर फरवीज महारूफ ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा, "यह दुख देने वाला, दर्दनाक और शर्मनाक है। यह ऐसी पिच नहीं है जिस पर आप लाइन के पार खेल सकें। कुछ बल्लेबाजों ने अपने विकेट गंवा दिए। पथुम निसांका के विकेट को छोड़कर बाकी सभी आसान गेंदों पर आउट हुए। ठीक इंग्लैंड के गेम की तरह, जहां सभी दस आउट आसान थे। यह दिखाता है कि श्रीलंका की बल्लेबाजी खराब है।"