Mushfiqur Rahim: वनडे में बांग्लादेश के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम ने इस प्रारूप से संन्यास की घोषणा कर दी है। मुशफिकुर ने अपने फेसबुक पेज पर इसकी जानकारी दी। कुछ ही सप्ताह पहले चैंपियंस ट्रॉफी में एक भी मैच नहीं जीतने के साथ बांग्लादेश की टीम स्वदेश वापस लौटी थी।
मुशफिकुर बांग्लादेश के लिए वनडे में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जहां उन्होंने 274 मैचों में 36.42 की औसत से 7795 रन बनाए, जिसमें नौ शतक और 49 अर्धशतक शामिल थे। वह उन पांच विकेटकीपरों में से हैं जिन्होंने 250 से अधिक वनडे खेले हैं। उन्होंने बतौर विकेटकीपर सात शतक लगाए और वह इस मामले में केवल कुमार संगकारा, एडम गिलक्रिस्ट और एमएस धोनी से पीछे हैं।
मुशफिकुर की फॉर्म हाल के समय में चिंता का विषय रही है, जहां उनको चैंपियंस ट्रॉफी में भी संघर्ष करते हुए देखा गया। मुशफिकुर भारत के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए और न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल दो रन बनाए। उनका आखिरी वनडे अर्धशतक पिछले साल मार्च में श्रीलंका के खिलाफ आया था। इसके बाद वह चोटिल होने की वजह से नवंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ दो वनडे और नवंबर, दिसंबर में वेस्टइंडीज के दौरे का हिस्सा नहीं थे।