Zimbabwe VS South Africa ODI: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) इस महीने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज को अपने लिए बड़ा मौका मान रहे हैं। उनका मानना है कि इन मैचों में अच्छा प्रदर्शन करके वह क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में अपनी जगह मजबूत कर सकते हैं।
31 वर्षीय एलिस का कहना है कि साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों में खेलना उनके लिए काफी फायदेमंद होगा। इससे न सिर्फ उन्हें अपने खेल में सुधार करने का मौका मिलेगा, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को भी उन हालात को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी, जिनका सामना उसे अगले साल वर्ल्ड कप में अपने खिताब का बचाव करते समय करना पड़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच मंगलवार से हरारे में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा। इसके बाद इसी महीने ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड कप 2027 की मेजबानी संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे, इसलिए एलिस का मानना है कि ये मुकाबले ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ एक और द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज के बजाय तैयारी का कीमती समय देंगे।