साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज जॉर्डन हरमन न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। हरमन हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते अब वह बचे हुए 4 टी20 मुकाबलों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
रविवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले मैच में ही जॉर्डन हरमन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। इस मुकाबले में फील्डिंग करते हुए हरमन चोटिल हो गए थे और मुकाबले में आगे हिस्सा ले सके थे। हरमन के स्कैन में ग्रेड टू टियर की पुष्टि हुई है। हालांकि, प्रोटियाज टीम ने अभी तक हरमन के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' के जरिए इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "जॉर्डन हरमन न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बाकी मैच से दाईं हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज को यह चोट रविवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में अपने डेब्यू मैच में फील्डिंग करते समय लगी और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। हरमन बल्लेबाजी करने भी नहीं उतरे थे। बाद में स्कैन से ग्रेड टू टियर की पुष्टि हुई है। रिप्लेसमेंट के लिए किसी का नाम नहीं लिया गया है।"