शेर-ए-पंजाब टी20 लीग रविवार को पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आधिकारिक रूप से लॉन्च की गई। लीग को पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को एक मंच देने के मकसद से शुरू किया गया है।
टूर्नामेंट का पहला एडिशन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक होगा। इसमें छह फ्रेंचाइजी राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में 27 मैचों में हिस्सा लेंगी। लीग में पंजाब के कई बड़े क्रिकेटर हिस्सा लेंगे, जिनमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, टी20 फॉर्मेट के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और ऑलराउंडर रमनदीप सिंह शामिल हैं।
लीग को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने गिल और अर्शदीप की मौजूदगी में लॉन्च किया। सेरेमनी के दौरान टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया।