New Zealand: भारत ने रिकॉर्ड छठी बार आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया है। भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की तूफानी पारी खेली। वैभव फिलहाल 14 साल 319 दिन की उम्र के हैं। अगले अंडर-19 विश्व कप में 17 साल के होंगे, लेकिन बीसीसीआई के नए नियम के अनुसार, वह दोबारा अंडर-19 वर्ल्ड कप में नहीं खेल सकेंगे।
साल 2016 में बीसीसीआई ने एक नया नियम बनाया, जिसके तहत एक ही खिलाड़ी दो बार अंडर-19 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले सकता। बोर्ड का मकसद टैलेंट पूल को बढ़ावा देना और ज्यादा से ज्यादा जूनियर खिलाड़ियों को अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने का मौका देना था।
हालांकि, इस नियम से पहले 5 ऐसे भारतीय खिलाड़ी रहे, जिन्होंने अपने करियर में 2 बार अंडर-19 वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए नियम के तहत किसी भी भारतीय के लिए यह संभव नहीं है।