Royal Challengers Bengaluru: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के मुकाबले के साथ होगी। इन दोनों टीमों ने 15 अप्रैल 2024 को इतिहास रचा था। उस मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 549 रन बनाए थे, जिसमें 38 छक्के और 43 चौके शामिल थे।
यह आईपीएल इतिहास में एक ही मैच के दौरान दोनों टीमों का कुल मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इस मैच के दौरान एसआरएच ने 287/3 का स्कोर बनाया, जो आईपीएल में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस पूर मैच में एसआरएच की पारी में 22 छक्के और 19 चौके लगे, जबकि आरसीबी की तरफ से 16 छक्के और 24 चौके देखने को मिले। आइए, इस मुकाबले के बारे में विस्तार से जानते हैं।
बेंगलुरु में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 287 रन बनाए। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.1 ओवरों में 108 रन जोड़े।