Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2023 में 9 अप्रैल को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस (जीटी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच मैच खेला गया था। इस मैच ने भारतीय क्रिकेट को रिंकू सिंह के रूप में एक बड़ा सितारा दिया था जिसके दिन आजकल गर्दिश में चल रहे हैं।
पहले 9 अप्रैल को हुए उस मैच को याद कर लेते हैं। 205 रन के लक्ष्य का सामना कर रही केकेआर को आखिरी ओवर में जीत के लिए 29 रन चाहिए थे। क्रीज पर रिंकू सिंह 16 गेंदों पर 18 और उमेश यादव 5 गेंदों पर 4 रन बनाकर खेल रहे थे। आखिरी ओवर में इतने रन बनाकर कोई टीम नहीं जीती थी, इसलिए केकेआर जीत की उम्मीद छोड़ चुकी थी, लेकिन उस मैच के आखिरी ओवर में जो हुआ वो क्रिकेट इतिहास की रोमांचक यादों में दर्ज हो गया।
जीटी की तरफ से गेंदबाजी के लिए आए यश दयाल की पहली गेंद पर उमेश यादव ने सिंगल लेकर स्ट्राइक रिंकू सिंह को दे दी। इसके बाद रिंकू ने लगातार 5 छक्के लगाते हुए केकेआर को जीत दिला दी। क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था जब किसी बल्लेबाज ने लगातार 5 छक्के लगाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई थी। रिंकू 21 गेंदों पर 48 रन बनाकर नाबाद लौटे।