ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की महिला टीमों के बीच में 19 मार्च से व्हाइट बॉल टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जिसमें दोनों टीमें तीन टी20 और इतने ही वनडे मुकाबले खेलेंगी। ऑस्ट्रेलिया ने व्हाइट-बॉल दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित की है। सोफी मोलिनेक्स को दोनों फॉर्मेट में टीम की कमान सौंपी गई है। विकेटकीपर ताहलिया विल्सन को पहली बार टीम में मौका मिला है।
सोफी मोलिनेक्स ने हाल ही में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभाली थी, लेकिन पीठ की तकलीफ के चलते वह आखिरी दो वनडे मैच नहीं खेल पाई थीं। चयनकर्ताओं ने बताया है कि मोलिनेक्स की सेहत में काफी सुधार हुआ है। वह बतौर कप्तान टीम की अगुवाई के लिए तैयार हैं। हालांकि, अपनी मर्जी से कुछ मैच छोड़ भी सकती हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम में लूसी हैमिल्टन और निकोला कैरी भी शामिल हैं, जो भारत के खिलाफ हाल ही में खेली गई सीरीज का हिस्सा थीं। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने वाली टीम से ग्रेस हैरिस को इस टीम से बाहर रखा गया है। वर्कलोड मैनेजमेंट प्लान के तहत एनाबेल सदरलैंड इस दौरे पर नहीं जा पाएंगी।