T20 World Cup: न्यूजीलैंड ने बुधवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 61 रन से शानदार जीत दर्ज की। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने स्वीकारा है कि पारी की शुरुआत में उनकी टीम काफी दबाव में थी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 75 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था। इसके बाद टीम 84 के स्कोर तक 6 विकेट खो चुकी थी। यहां से कप्तान मिचेल सेंटनर (47) ने कोल मैककोन्ची (नाबाद 31) के साथ सातवें विकेट के लिए 84 रन जुटाकर टीम को 168/7 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में श्रीलंका 8 विकेट खोकर 107 रन ही बना सका।
कोल मैककोन्ची के साथ अपनी साझेदारी को लेकर कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा, "गेंद के साथ श्रीलंका के खिलाफ वह एक अच्छा लेकिन कठिन दौर था। उन्होंने हमें काफी दबाव में रखा। 84 रन पर हमारे तीन विकेट गिर गए, जो कभी भी आदर्श स्थिति नहीं होती। लेकिन मैं और कोल मैककोन्ची यही सोच रहे थे कि जितना लंबा खेल को खींच सकें, उतना बेहतर होगा। हमारा लक्ष्य 140 तक पहुंचने का था, ताकि आखिरी दो-तीन ओवरों के लिए मंच तैयार हो सके। वहां से 160 तक पहुंच जाना बुरा नहीं था।"