ICC T20 World Cup: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन में हिस्सा लेने के लिए अपने खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से पहले उनके लिए अनिवार्य फिटनेस टेस्ट का फैसला किया है। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है।
दरअसल, अलग-अलग फ्रेंचाइजी द्वारा चुने गए श्रीलंकाई खिलाड़ी इस समय चोटों से उबर रहे हैं और इसी कारण बोर्ड ने सभी के लिए फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य किया है। 'क्रिकबज' की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह टेस्ट अगले हफ्ते की शुरुआत में कोलंबो में होने की उम्मीद है और केवल वही खिलाड़ी आईपीएल में हिस्सा ले पाएंगे, जो जरूरी फिटनेस मानकों को पूरा करेंगे।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी का इंतजार कर रहे प्रमुख खिलाड़ियों में गेंदबाज मथीशा पथिराना (कोलकाता नाइट राइडर्स), अनुभवी स्पिनर वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जायंट्स), बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद), और नुवान तुषारा (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) शामिल हैं। कुल मिलाकर आगामी सीजन के लिए 7 श्रीलंकाई खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें दुष्मंथा चमीरा और पथुम निसांका (दोनों दिल्ली कैपिटल्स) और कामिंदु मेंडिस (सनराइजर्स हैदराबाद) भी शामिल हैं।