भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। अरुंधती रेड्डी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 133 पर समेट दिया।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को 22 के स्कोर पर पहला और 27 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। बेथ मूनी 5 और जॉर्जिया वॉल 18 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और एलिसे पेरी के बीच 41 रन की साझेदारी हुई। इस समय ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया बड़े स्कोर की तरफ जाएगी, लेकिन 68 के स्कोर पर पेरी (20 रन) का विकेट गिरने के बाद फिर विकेटों के लगातार गिरने का सिलसिला जारी रहा।
पूरी टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी 5 विकेट मात्र 12 रन के अंदर गंवा दिए। लिचफील्ड 26 और जॉर्जिया वॉरहेम 30 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर रहीं।