T20 World Cup: न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच को 61 रन से अपने नाम किया। रचिन रविंद्र ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मैच में 27 रन देकर 8 विकेट हासिल किए। इससे पहले उन्होंने 22 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 32 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सका। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा है। अगर यह टीम इंग्लैंड के विरुद्ध अपना अगला मैच जीत लेती है, तो नॉकआउट में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
इस जीत पर खुशी जताते हुए 26 वर्षीय रचिन रविंद्र ने कहा, "इस तरह की जीत हमेशा सुकून देती है, खासतौर पर विरोधी टीम की घरेलू परिस्थितियों में आकर अच्छा क्रिकेट खेलना। जाहिर है, श्रीलंका को श्रेय जाता है, वे घर पर खास तौर पर शानदार रहते हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह हमारे लिए लगभग एक संपूर्ण प्रदर्शन था। पूरी टीम से योगदान देखना वाकई शानदार रहा।"