T20 World Cup: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 24वें मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगा दी है।
साउथ अफ्रीका ने अपने पहले मैच में कनाडा को 57 रन से हराया था, जिसके बाद अफगानिस्तान के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले के दूसरे सुपर ओवर में जीत हासिल की थी। यह टीम ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है, जबकि 3 में से 2 मैच जीतकर न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है।
शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस टीम को टिम सीफर्ट और फिन एलन की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.2 ओवरों में 33 रन जुटाए। सीफर्ट 9 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 13 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद रचिन रवींद्र ने फिन एलन के साथ दूसरे विकेट के लिए 12 गेंदों में 24 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 57 के स्कोर तक पहुंचाया।