T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के विजय रथ पर साउथ अफ्रीका ने ब्रेक लगा दिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 राउंड के मुकाबले में भारतीय टीम को 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारत ने ग्रुप स्टेज में जीत का 'चौका' लगाया था।
साउथ अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ईशान किशन बिना खाता पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही और वह सिर्फ एक रन ही बना सके। वहीं, अभिषेक शर्मा 12 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या 17 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रिंकू सिंह केशव महाराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सीधा ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों में मार बैठे और खाता तक नहीं खोल सके।