T20I Cricket Match: बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए मुख्य टीम में शामिल होने से पहले इंडिया-ए की ओर से एक वार्मअप मैच खेलेंगे। इंडिया ए सोमवार को यूएसए के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलेगी, जिसके बाद शुक्रवार को नामीबिया का सामना करेगी। 7 फरवरी से टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
23 वर्षीय तिलक वर्मा इस महीने की शुरुआत में राजकोट में पेट के निचले हिस्से की सर्जरी के बाद रिहैब के लिए बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में थे। बैटिंग ऑलराउंडर आयुष बडोनी को इंडिया 'ए' का कप्तान बनाया गया है।
शुरुआत में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाना था, लेकिन वर्ल्ड कप में उनकी उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए ऐसा नहीं किया गया। तिलक को बीते शुक्रवार सीओई में एक सिमुलेशन मैच खेलने के बाद टीम में शामिल किया गया है।