टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया ग्रुप ए का हिस्सा है। इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, यूएसए और नीदरलैंड हैं। नामीबिया का नाम उन उभरती टीमों में लिया जाता है जिसने पिछले कुछ समय में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
विश्व कप में भी अगर नामीबिया कोई बड़ा उलटफेर कर दे, इसमें हैरानी नहीं होगी। विश्व कप का हिस्सा बनने और टूर्नामेंट से जुड़ी रणनीति पर नामीबिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रूबेन ट्रम्पेलमैन ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत में विश्व कप खेलने का अनुभव काफी रोचक होने वाला है।
रूबेन ट्रम्पेलमैन ने कहा, "हमने अगस्त या अगस्त से ठीक पहले जिम्बाब्वे में विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया था। जिम्बाब्वे के ठीक बाद हम दूसरे नंबर पर रहे थे। हमारी तैयारी वहीं से शुरू हुई। इसके बाद हमने अपने नए स्टेडियम को खोलने के लिए घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 मैच खेला और कुछ वर्ल्ड लीग टू गेम खेले। जनवरी की शुरुआत में, हमने केप टाउन में एक कैंप से शुरुआत की। फिर दुबई गए, जहां हमने तीन गेम खेले, दो अफगानिस्तान के खिलाफ और एक इटली के खिलाफ। मुझे लगता है कि तैयारी बहुत अच्छी रही है।"