Sunrisers Hyderabad: एक समय था जब बिहार से एक क्रिकेटर का विश्व स्तर तक पहुंचना बड़ी बात समझा जाता था। मूलभूत सुविधाओं का अभाव, आर्थिक तंगी और तमाम तरह के कारणों के चलते जी-तोड़ मेहनत करने वाले बिहार के खिलाड़ी पहचान के लिए मोहताज रह जाते थे। हालांकि, अब बिहार में क्रिकेट की तस्वीर बदल रही है और इस बदलाव में अहम भूमिका आईपीएल निभा रहा है।
आईपीएल के जरिए बिहार के उभरते हुए क्रिकेटर्स को वो मंच मिल रहा है, जिसकी चाहत वह ना जाने कितने वर्षों से रखा करते थे। दूसरी बात यह भी कि आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजियां घरेलू क्रिकेट पर अब अपनी पैनी नजर बनाए रखती हैं। घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद बिहार के काबिल क्रिकेटर्स गुमनाम रह जाते थे। हालांकि, अब ऐसा नहीं है और बिहार से एक से बढ़कर एक क्रिकेटर्स सामने आ रहे हैं, जो सुविधाओं की कमी होने के बावजूद दुनिया की सबसे मशहूर लीग में से एक आईपीएल में अपना दमखम दिखा रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी: बिहार के समस्तीपुर जिले से आने वाले वैभव सूर्यवंशी अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। 15 साल की उम्र में वैभव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सिर्फ आईपीएल ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। वैभव की आक्रामक और निडर बल्लेबाजी की तारीफ सिर्फ भारतीय नहीं, बल्कि विदेशी क्रिकेटर्स भी कर रहे हैं।