भारत की टीम के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर क्रिकेट फैंस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया है कि आगामी घरेलू इंटरनेशनल सीजन के लिए अब तक 50,000 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि 'क्रिकेट नेशन' सदस्यों, स्काई ग्राहकों और एएनजेड ग्राहकों के लिए दो हफ्ते की प्री-सेल के बाद सोमवार से आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी गई। टिकटों की मांग काफी अधिक है, खासकर भारत के मैचों के लिए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले के लगभग 75 प्रतिशत टिकट पहले ही बिक चुके हैं।
भारत छह साल बाद न्यूजीलैंड का दौरा करने जा रहा है। दोनों टीमें 22 अक्टूबर से पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगी। टी20 इंटरनेशनल मैचों की मांग सबसे ज्यादा है। ईडन पार्क में लोगों की दिलचस्पी को देखते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने स्टेडियम की छठी टियर (ऊपरी मंजिल) की सीटें खोलने का फैसला किया है। ऐसा 2019 में भारत के न्यूजीलैंड दौरे के बाद पहली बार हो रहा है। ये अतिरिक्त सीटें 30 अक्टूबर को दोनों टीमों के बीच होने वाले चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए उपलब्ध होंगी।