U19 Asia Cup 2026: भारतीय टीम ने शान से एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया।
फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत शनिवार (14 नवंबर) को पाकिस्तान से होगी। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान से मिले 228 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर 36.5 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर शानदार रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मिलकर पहले विकेट के लिए महज 16.6 ओवर में 117 रन जोड़े। आर्यवीर अच्छी लय में दिखाई दिए और 57 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में आर्यवीर ने 4 चौके और चार छक्के लगाए।
इसके बाद वीके विनीत के रूप में लक्ष्य को एक और अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 89 गेंदों में 77 रन जोड़े। हालांकि, लक्ष्य अपने शतक से चूक गए और 90 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में भारतीय कप्तान ने 13 चौके और एक छक्का लगाया। विनीत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। वहीं, यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे।