T20 World Cup: शानदार नाबाद शतक लगाकर श्रीलंका को सुपर 8 स्टेज में पहुंचाने के बाद, 'प्लेयर ऑफ द मैच' पथुम निसांका ने अच्छी बैटिंग पिच पर अपना स्वाभाविक गेम खेल पाने पर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि वह शतकीय पारी के साथ अपनी टीम को जीत दिलाकर बहुत खुश हैं।
निसांका ने 52 गेंदों में 15 बाउंड्री के साथ शानदार नाबाद 100 रन बनाए। उनकी इस पारी के साथ श्रीलंका ने पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के 30वें मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस टीम ने 182 रनों का पीछा करते हुए 18 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रन चेज के दौरान दृष्टिकोण के बारे में बात करते हुए, निसांका ने कहा, "आज विकेट बहुत अच्छा था, जिससे मुझे अपना स्वाभाविक गेम खेलने का मौका मिला। मैं शतक बनाकर और अपनी टीम को जीत दिलाकर बहुत खुश हूं। हमें एक अच्छे पावर-प्ले की जरूरत थी। बीच में मेरी और कुसल मेंडिस की बहुत अच्छी साझेदारी थी, और वहां से बस अपनी पारी जारी रखनी थी और अपनी टीम को जीत दिलानी थी।"