इंग्लैंड की स्टार खिलाड़ी सोफी एक्लेस्टोन विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) सीजन 12 के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स में वापसी करेंगी। 27 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर ने पिछले सीजन में स्ट्राइकर्स के लिए डेब्यू किया था और वह एक बार फिर टीम की बॉलिंग लाइन-अप में अनुभव और गुणवत्ता जोड़ेंगी।
विमेंस बिग बैश लीग का आगामी सीजन 29 अक्टूबर से 5 दिसंबर के बीच खेला जाएगा। पहले मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी सिक्सर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। एडिलेड स्ट्राइकर्स 31 अक्टूबर को कैरन रोल्टन ओवल में मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
एक्लेस्टोन ने एडिलेड स्ट्राइकर्स में वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, "मैं टीम के साथ दोबारा जुड़ने और पिछले सीजन में हासिल की गई कामयाबियों को आगे बढ़ाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। हम अगला कदम उठाने और फाइनल में जगह बनाने की कोशिश के लिए खुद को मजबूत स्थिति में लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"