Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 5 विकेट से हराया। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन की छठी जीत दर्ज की है और अब टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। जीत के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा कि लंबे समय बाद 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करके काफी अच्छा लगा। उन्होंने कहा, "हां, मैच काफी करीब पहुंच गया था, लेकिन 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच अक्सर ही 19वें या 20वें ओवर में जाता है। हमने पावरप्ले में बहुत अच्छी शुरुआत की, लेकिन एक नए बल्लेबाज के लिए मैदान पर आकर सीधे शॉट्स खेलना थोड़ा मुश्किल था। यह जरूरी है कि हम अपना काम पूरा करें। हमें 200 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किए हुए काफी समय हो गया है, इसलिए इसे चेज करना अच्छा लगा।”
गायकवाड़ ने बताया कि स्ट्रेटेजिक टाइम-आउट के बाद संजू सैमसन के एक जरूरी मैसेज ने टीम में जोश भरने में मदद की।