India Wins T20 World Cup: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने ऐतिहासिक जीत के बाद मौजूदा भारतीय टीम की जमकर तारीफ की है। पठान ने इस टीम को सफेद गेंद की क्रिकेट में सबसे बेस्ट टीम बताया है। इरफान ने हेड कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई की भी सराहना की है।
भारतीय टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को जीता। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। जीत के बाद अहमदाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए पठान ने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम ने खुद को सबसे मजबूत व्हाइट-बॉल टीम के रूप में स्थापित किया है।
इरफान ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि यह सबसे अच्छी व्हाइट-बॉल टीम है।" उन्होंने सूर्यकुमार के नेतृत्व और गंभीर की भूमिका को एक मजबूत और एकजुट टीम बनाने का श्रेय दिया, जिसने वैश्विक स्तर पर लगातार नतीजे दिए हैं। उन्होंने कहा, "जिस तरह से सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की और जिस तरह से गौतम गंभीर ने टीम को एकजुट रखा, वह शानदार था।"