Gujarat Giants Women: दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ कैपिटल्स ने लगातार चौथी बार खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां 5 फरवरी को उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा।
डब्ल्यूपीएल 2023 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अगले साल इस टीम ने फिर से फाइनल में जगह बनाई, लेकिन इस बार आरसीबी ने बाजी मार ली। साल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों एक बार फिर खिताबी मैच गंवाना पड़ा था।
वडोदरा में खेले गए एलिमिनेटर मैच में टॉस गंवाकर बल्लबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम ने 59 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जहां से सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। वेयरहैम 25 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मूनी ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 51 गेंदों में 6 चौकों के साथ 62 रन की नाबाद पारी खेली।