भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली इस समय काफी सुर्खियों में हैं। ऑस्ट्रेलिया में उनका बल्ला जमकर रन बरसा रहा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया में दी जा रही हॉस्पिटेलिटी फिलहाल टीम इंडिया और विराट को रास नहीं आ रही है। 31 अक्तूबर, 2022 के दिन विराट कोहली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया जिसने ना सिर्फ भारत में बल्कि क्रिकेट जगत में ही सनसनी मचा दी।
ये वीडियो विराट के होटल के कमरे का था जिसमें विराट का पूरा कमरा देखा जा सकता था। होटल क्राउन के किसी स्टाफ सदस्य ने ये वीडियो बनाया और वीडियो को शेयर भी कर दिया। विराट ने इस वीडियो के लीक होने पर अपनी नाराजगी सोशल मीडिया के जरिए जताई और इसे अपनी प्राइवेसी का हनन बताया। जैसे ही ये वीडियो और ज्यादा वायरल हुआ तो भारत से भी इस मामले पर नाराजगी सामने आई। इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने भी अपना रिएक्शन दिया।
उर्वशी रौतेला ने इस पूरे मामले को बेशर्मी भरा बताया। उर्वशी ने पहले तो विराट के पोस्ट पर कमेंट करके अपनी नाराजगी जाहिर की और इसके बाद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी भी शेयर की जिसमें उन्होंने लिखा, ‘बिल्कुल, ये बहुत खराब और बेशर्मी भरा है। सोचिए अगर ऐसा ही किसी लड़की के कमरे में करते तो?'
