Vaibhav Sooryavanshi Video: तिलक वर्मा की कैप्टेंसी वाली इंडिया-ए की टीम श्रीलंका के टूर पर है जहां वो बुधवार, 17 जून को ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में अफगानिस्तान-ए से टक्कर ले रहे हैं। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भी टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी एक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और तीन जीवनदान मिलने के बावजूद 28 गेंदों पर सिर्फ 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, इंडिया-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच ये मुकाबला दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां 15 साल के वैभव बिना खाता खोले आउट हो सकते थे। उन्होंने अपनी पारी की चौथी गेंद पर पॉइंट फील्डर को कैच दे दिया था, लेकिन यहां थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज़ के फेवर में फैसला दिया और वैभव जीरो के स्कोर पर पवेलियन लौटने से बच गए।
इसके बाद इंडिया-ए की इनिंग के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर और फिर आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर अफगानी फील्डर ने वैभव के दो कैच छोड़े। इस समय लग रहा था कि आज किस्मत पूरी तरह वैभव के साथ है और वो एक बड़ी पारी जरूर खेलेंगे, लेकिन आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर फ़रीदून दाऊदज़ई ने वैभव की इनिंग पर ब्रेक लगा दिया और उन्हें अपनी शॉट गेंद पर फंसाकर ख़ालिद तानीवाल के हाथों कैच आउट करवाया।