राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल (IPL 2026) के मुकाबले में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से एक बार फिर हर किसी को हैरान कर दिया है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मुकाबले में तूफानी शतक जड़ते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार (25 अप्रैल) को खेले जा रहे इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी नेएक बार फिर तूफानी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और सिर्फ 36 गेंदों में आईपीएल का तीसरा सबसे तेज शतक जड़ दिया। उन्होंने 37 गेंदों में 5 चौके और 12 छक्कों की मदद से 103 रन की विस्फोटक पारी खेली।। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 278.38 का रहा।
इस शानदार पारी के साथ वैभव ने T20 क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए और वह सबसे कम उम्र में इस मुकाम तक पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए। इतना ही नहीं, उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 473 गेंदों में पूरा किया, जो कि एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी मिचेल ओवन ने 533 गेंदों और पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स ने 558 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।