गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में विराट कोहली ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ दिखाया। उन्होंने कगिसो रबाडा के एक ही ओवर में लगातार पांच चौके ठोके और इस ओवर में कुल 21 रन बटोर लिए।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (30 अप्रैल) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आते ही अपने इरादे साफ कर दिए। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
पारी के दूसरे ओवर में कोहली ने कगिसो रबाडा को निशाने पर लिया और एक के बाद एक शानदार शॉट खेलते हुए गेंदबाज की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेलकर मिड-विकेट के ऊपर से चौका बटोरा। इसके बाद अगली गेंद पर फ्रंट फुट पर आकर ऑफ साइड में एक और शानदार चौका जड़ दिया।